पहला पन्ना प्रतिक्रिया   Font Download   हमसे जुड़ें RSS Contact
larger
smaller
reset

इस अंक में

 

भगवा, हरा और काला आतंकवाद

किसानों के अंत की शुरुआत

छत्तीसगढ़, जीडीपी और कुल्हाड़ीघाट

शोषण का खेल चालू है

मुस्लिम पर्सनल लॉ के संहिताबद्ध होने से डर कैसा

पीपली लाइव का सीधा प्रसारण

ब्रिटिश कंपनी से लड़ाई अभी जारी है

सामुदायिक समीकरण बनाम विकासीय समीकरण

विचारहीन प्राथमिकताओं से आजादी

अब तक नौ

हिज़ाब पर हंगामा क्यों

पिया मेंहदी लिआय दा मोतीझील से...

किसानों के अंत की शुरुआत

छत्तीसगढ़, जीडीपी और कुल्हाड़ीघाट

भगवा, हरा और काला आतंकवाद

पत्थरबाजी में कुछ टूट गया है

डा. सुभाष राय

असलियत

रणेन्द्र

 
 पहला पन्ना > मुद्दा > समाजPrint | Send to Friend | Share This 

जानलेवा महंगाई

मुद्दा

 

जानलेवा महंगाई

देविंदर शर्मा

खाद्य पर्दार्थों की कीमतों ने सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं. खाने की चीजों के दाम में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है और परिणाम यह है कि आम उपभोक्ता अपनी खाली जेबें बाहर निकाले हताश-निराश खड़ा है. टेलीविजन चैनलों समेत पूरा मीडिया बढ़ती कीमतों को लेकर बिना थके चिल्ला रहा है. बड़ी खबर मीडिया में बार-बार दिखाई-पढ़ाई जा रही है. सभी संभावित कोण पर निगाह रखते हुए मीडिया ने बढ़ती महंगाई का मामला बड़ी दिलचस्पी से आगे बढ़ाया है. खेतों से लेकर खाने की प्लेट तक, घरेलू महिलाओं से लेकर राजनेताओं तक और योजना आयोग के उपाध्यक्ष से लेकर प्रधानमंत्री तक-सभी महंगाई को लेकर चिंतित नजर आते हैं, लेकिन इसके बावजूद आसमान छूते भावों से राहत का कोई संकेत नजर नहीं आता.

आम आदमी पर महंगाई की मार

सब्जियां बेहद महंगी हैं, फल तो न खाने में ही भलाई है और आम आदमी की दाल तो उसकी पहुंच से ही बाहर हो गई है. हद तो यह है कि आटा और दूध के दामों में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई है. अर्थशास्त्रियों ने हमेशा की तरह अस्वाभाविक महंगाई के लिए मांग और आपूर्ति की कठिनाइयों को दोष दिया है. राजनेता एक-दूसरे पर दोष डाल रहे हैं. उनकी ओर से अक्सर राज्य सरकारों को भी दोष दिया जाता है कि वे कीमतों पर नियंत्रण करने में अक्षम साबित हो रही हैं और इसी दौरान केंद्र सरकार को भी जिम्मेदार ठहराकर सही नीतियां लागू करने में उसकी असफलता को रेखांकित किया जा रहा है.

मुझसे अनगिनत बार यही सवाल किया जाता है और पिछले कई माह से मैं बार-बार इस पर जोर दे रहा हूं कि खाद्य पर्दार्थों की कीमतों में वृद्धि का आपूर्ति की कठिनाइयों से कोई लेना-देना नहीं है. मीडिया अक्सर मुझसे पूछता है कि फिर दालों की कीमतें राकेट की तरह आसमान में क्यों जा रही हैं? मेरा उत्तर साधारण और सीधा होता है. कीमतें इसलिए बढ़ रही हैं, क्योंकि बड़े पैमाने पर जमाखोरी की जा रही है, कालाबाजारी की जा रही है और कीमतों को लेकर सट्टेबाजी हो रही है. मैं लंबे अर्से से इस तरह के व्यापार के खिलाफ अभियान छेड़ने की वकालत कर रहा हूं. मैं नहीं समझ पाता हूं कि छोटे विक्रेताओं और हाकरों को कैसे अपनी मनमानी के बल पर देश को बंधक बनाने की छूट दी जा रही है. भावनाओं द्वारा संचालित बाजार आम उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रहा है.

दालों का उदाहरण लें. अरहर दाल की कीमत आसमान छू रही है. अन्य दालों की कीमतों में भी भारी वृद्धि हुई है और हमारे ऊपर यह विचार लादा जा रहा है कि चूंकि दालों के उत्पादन में गिरावट आई है इसलिए कीमतें बढ़ रही हैं. हममें से कई लोग उत्पादन में गिरावट को खरीफ के मौसम में सूखे की स्थितियों से भी जोड़ेंगे, लेकिन यह सही नहीं है. दालों के उत्पादन में शायद ही कोई अंतर आया हो. 2008 में दालों का उत्पादन 147.6 लाख टन था, जबकि 2009 में यह 146.6 लाख टन रहा. इसका मतलब है कि उत्पादन में मात्र एक लाख टन की गिरावट आई. दूसरे शब्दों में कहें तो 2008 और 2009 में दालों का उत्पादन लगभग स्थिर रहा. महंगाई के मामले में दूसरी दलील यह है कि मांग के मुकाबले आपूर्ति भारी पड़ रही है.

कुछ अर्थशास्त्रियों ने बताया है कि दालों की मांग 170 लाख टन के आसपास है, लेकिन मैं नहीं जानता कि उनका यह आकलन किन तथ्यों पर आधारित है. रोचक बात यह है कि अर्थशास्त्रियों का यह अनुमान यह धारणा उत्पन्न करता है कि 2009 में लोगों ने अचानक ज्यादा दाल खानी शुरू कर दी है, क्योंकि यदि वाकई मांग में वृद्धि हो रही है तो 2008 में भी दालों की कीमतों में ऐसी ही वृद्धि होनी चाहिए थी. यदि आप इस तर्क को स्वीकार भी कर लें तो इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती कि भारत ने 25 लाख टन दाल का इस वर्ष आयात किया है. यदि इस मात्रा को उत्पादित दालों में जोड़ दिया जाए तो बाजार में दालों की कुल उपलब्धता 171.6 लाख टन हो जाती है. इसका अर्थ है कि हमने मांग और आपूर्ति के अंतर को समाप्त कर दिया. अब क्या कोई यह बताएगा कि दालों की कीमतें क्यों बढ़ती जा रही हैं?

मूल सवाल अभी भी कायम है कि कीमतें इतनी तेजी से ऊपर क्यों जा रही हैं? इसका जवाब एकदम साधारण है. व्यापार ने आपूर्ति को रोक रखा है और वह भावनाओं का भरपूर दोहन करना चाहता है-इतना अधिक कि एक छोटा सा रीटेलर भी 400 प्रतिशत तक कमीशन वसूल कर रहा है. उदाहरण के लिए आलू का किसान अपनी उपज को मात्र तीन रुपये प्रति किलो बेच पाता है, लेकिन आम उपभोक्ता को वही आलू करीब तीस रुपये प्रति किलो मिल रहा है. इसका मतलब है कि बाजार के लोग, जिनमें थोक एजेंट, कमीशन एजेंट और अनगिनत बिचौलिये शामिल हैं, आपकी जेब लूट रहे हैं.

खाद्य पर्दार्थों के दामों में बढ़ोतरी की कहानी विडंबनाओं से भरी हुई है. बढ़ती महंगाई के लिए हर तरह के सिद्धांत बताए जा रहे हैं. वैश्विक वित्तीय मंदी के असर से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में वृद्धि तक की चर्चाएं की जा रही हैं, लेकिन नियंत्रण के दो रास्तों पर किसी का ध्यान नहीं है. पहला और सबसे अधिक महत्वपूर्ण है व्यावसायिक मीडिया की भूमिका, जिसमें बिजनेस टीवी चैनल शामिल हैं. ये चैनल दिन-रात यह बताने में लगे हैं कि निवेशकों को किन खाद्य पर्दार्थों पर अपना पैसा लगाना चाहिए. जब कुछ टीवी चैनल दिन-रात फायदे की चीजों की चर्चा कर रहे हैं तो बाजार में उनकी कीमतों पर असर पड़ेगा ही. अनदेखा किया गया दूसरा पहलू यह है कि खाद्य पर्दार्थों की बड़ी रिटेल कंपनियों को किसी नियामक नियंत्रण के अभाव में मुक्त रूप से मुनाफा कमाने का मौका मिल रहा है.

इन कंपनियों को जब भारत में प्रवेश की अनुमति मिली थी तो उन्होंने बिचौलियों को किनारे कर देने का वायदा किया था और इस आधार पर उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर चीजें उपलब्ध कराने की बात कही थी. उनके इस वायदे पर ही सरकार ने उन्हें कई तरह की छूट दी थी, जिनमें सस्ती दरों पर जमीन उपलब्ध कराना शामिल था. इन संगठित रिटेल कंपनियों ने बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे-छोटे कस्बों में भी अपनी दूकानें स्थापित कीं. संगठित रिटेल कंपनियों के प्रसार से कीमतों में किसी तरह की कमी नहीं आई. दाल, सब्जी और फलों के जो दाम सुपर मार्केट में हैं वहीं खुले बाजार में भी हैं.

दूसरे शब्दों में कहें तो बड़ी रिटेल कंपनियां फेरी लगाने वालों से बेहतर नहीं सिद्ध हुईं. वे भी चार सौ प्रतिशत तक कमीशन हड़प रही हैं. अंतर इतना है कि जहां खुले बाजार में यह मुनाफा कई लोगों के बीच बंटता है वहीं बड़ी रिटेल कंपनियां अकेले ही सारा मुनाफा हजम कर रही हैं. साफ है, जैसा सोचा गया था उसके विपरीत बड़ी रिटेल कंपनियां उस मकसद को पूरा कर पाने में असफल रही हैं जो उन्हें अनुमति देते हुए सोचा गया था. सरकार को चुनिंदा केंद्रों पर सस्ता आटा और दाल बेचने की दिखावटी कोशिश करने के बजाय सख्ती दिखानी चाहिए. साथ ही उसे बड़ी रिटेल कंपनियों को निर्देश देना चाहिए कि वे खाद्य पर्दार्थों की कीमतों में 25 प्रतिशत की कमी करें. एक बार जब सुपर मार्केट में खाद्य पर्दार्थों की कीमतें नीचे आ जाएंगी तो खुले बाजार के पास भी कीमतें घटाने के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं होगा. स्पष्ट है, बड़ी रिटेल कंपनियों को महंगाई पर नियंत्रण के लिए शक्तिशाली औजार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है.

09.01.2010, 00.57 (GMT+05:30) पर प्रकाशित

सभी प्रतिक्रियाएँ पढ़ें
 

इस समाचार / लेख पर पाठकों की प्रतिक्रियाएँ

 
 

Abhijeet Raigarh

 
 Peoples are blaming to government,government is blaming to traders,traders are blaming to government policies.Again poor farmers are also blaming to government for fixation of administrative prises.  
   
 

om prakash shukla (ops309@gmail.com) lucknow

 
 सरकार का ध्यान सेंसेक्स पर है, वो कीमतों को बढ़ने देना चाह रही थी जिससे purchasing power बढ़ कर growth को तेज दिखा सके. परंतु अब मामला उसके हाथ से निकल चुका है. विरोधी दल स़कों पर उतर गए तो फिर कीमत थमने की बात हो रही है. मंडी के नाम पर मध्यमवर्ग को सहूलियतें दी गईं जो अर्थव्यवस्था के लिए अभिशाप बन गया, बाज़ार में तरलता बढ़ गई. टीवी, फ्रिज तो खूब बिके लेकिन वही तरलता देश की सेहत के लिए अभिशाप बन गई. 
   
 

पुष्यमित्र (pushymitr@gmail.com) जमशेदपुर

 
 भाई साहब चीनी का खुदरा बाजार मूल्य 45 रुपये और मिल गेट प्राईस 4200 रुपये है, इसमें कालाबाजारी कहाँ है. चीनी मिलें 1 किलो पर 15 रुपये मुनाफा कमा रही है शरद पवार जी की कृपा से. आप सरकार के कालाबाजारी वाले नारे को मत बुलंद करें. 
   
 

arvindpant (pantarvind71@yahoo.com) joshimath uttrakhand

 
 भारतीय शासक, बुद्धिजीवी, नेता, पत्रकार, जो भी इस विषय के बारे में सोचते हैं, उनके पास सिर्फ आंकड़े हैं. महंगाई किस प्रकार दूर होगी, शायद ये विचार किसी के पास नहीं है. जब कृषि मंत्री जी यह कह रहे हैं कि क्या मैं ज्योतिषी हूं कि बता सकूं की महंगाई कब दूर होगी ? तो देश कहां जाएगा. देश के मंत्री क्रिकेट में व्यस्त हैं, और बौद्धिक तबका आंकड़ों से खेल रहा हो तो आम आदमी का क्या होगा ? 
   
 

mihir (mgmihirgoswami@gmail.com) bilaspur c. g

 
 इसके लिए शायद हमारी नई तरह की मानसिकता जिम्मेदार है, जहां हम कम से कम करोड़पति बनने की इच्छा पाले हुये हैं. ज्यादा कितना हो सकता है, इसके लिए फोर्ब्स के आंकड़े हैं न ! 
   

इस समाचार / लेख पर अपनी प्रतिक्रिया हमें प्रेषित करें

  ई-मेल ई-मेल अन्य विजिटर्स को दिखाई दे । ना दिखाई दे ।
  नाम       स्थान   
  प्रतिक्रिया
   

 

  ▪ हमारे बारे में   ▪ विज्ञापन   |  ▪ उपयोग की शर्तें
2009-10 Raviwar Media Pvt. Ltd., INDIA. feedback@raviwar.com  Powered by Medialab.co.in