संसद का बजट सत्र गुरुवार से शुरु
संसद का बजट सत्र गुरुवार से शुरु
नई दिल्ली. 2 जुलाई 2009
भारतीय
संसद का बजट सत्र गुरुवार से शुरु हो गया है. पंद्रहवी लोकसभा के कार्यकाल का यह
पहला सत्र है. इस सत्र के शुरु होने से पहले विपक्ष ने सकारात्मक सहयोग देते हुए
सदन की कार्यवाही चलने देने का वायदा किया था. लेकिन आज सत्र के पहले दिन ही
पेट्रोल और डीज़ल की बढ़ी कीमतों को लेकर विपक्ष ने सदन में जोरदार हंगामा किया.
जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी.
इस सत्र
में सबकी नज़र 3 जुलाई को पेश किए जाने वाले रेल बजट और फिर 6 जुलाई को पेश किए
जाने वाले आम बजट पर होगी. पिछली सरकार के रेल मंत्रालय में लालू यादव के अच्छे
प्रदर्शन के बाद लोग जानना चाहेंगे की रेलमंत्री ममता बैनर्जी यात्रियों के लिए
क्या नई सुविधाएं लाती हैं. इधर वित्तमंत्री से लोगों को अपेक्षा होगी कि वो महंगाई
का मार झेल रहे मध्यम वर्ग के लिए कुछ राहत की खबर लाएंगे.
इनके अलावा बाबरी विध्वंस पर पेश की जाने वाली लिब्राहन रिपोर्ट के साथ साथ महिला
आरक्षण बिल और खाद्य सुरक्षा कानून जैसे मुद्दे भी इस सत्र में चर्चा के केंद्र
रहेंगे.