झारखंड सरकार अल्पमत में
राज्यपाल ने कोड़ा को बुलाया
नई दिल्ली. 18 अगस्त 2008
झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद अल्पमत में आई
झारखंड सरकार को राज्यपाल सैय्यद सिब्ते रजी ने आज तलब किया. खबर है कि मुख्यमंत्री
मधु कोड़ा द्वारा इस्तीफा नहीं दिए जाने के कारण उन्हें राजभवन बुलाया गया था.
उम्मीद जताई जा रही है कि या तो कोड़ा को त्यागपत्र देना होगा या वे विश्वासमत
हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं.
ज्ञात रहे कि
झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा झारखंड सरकार से समर्थन वापस लेने के कारण सरकार
अल्पमत में आ गई है. झामुमो की ओर से सरकार में शामिल उप मुख्यमंत्री सुधीर महतो,
भू-राजस्व मंत्री दुलाल भूइयां औऱ कृषि मंत्री नलिन सोरेन ने भी मंत्री पद छोड़
दिया है. झामुमो प्रमुख शीबू सोरेन ने मांग की थी कि
उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाए. उनकी मांग ठुकराये जाने के बाद कोड़ा सरकार से नाराज
शीबू सोरेन ने सरकार गिराने की चेतावनी दी थी.
इससे पहले रविवार
की दोपहर रांची के हाट लिप्स हाल में झामुमो ने बैटक की और झारखंड सरकार से समर्थन
वापसी का निर्णय लिया. इस बैठक में झामुमो के सभी 17 विधायक और चारों सांसद उपस्थित
थे. इसके बाद झामुमो ने राज्यपाल को समर्थन वापस लेने संबंधी पत्र सौंपा.
सोमवार को
राज्यपाल द्वारा तलब किए जाने की खबर के बाद श्री कोड़ा ने साफ कहा कि वे इस्तीफा
नहीं देंगे क्योंकि उन्हें संप्रग ने मुख्यमंत्री बनाया है और संप्रग के नेताओं से
अब तक उन्हें कोई निर्देश नहीं मिला है.